पाकुड़ में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने कई आरोपियों को लिया हिरासत में
Woman gang-raped in Pakur, police arrest several accused

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता एक युवक के साथ मंगलवार एक आमबागान में गई थी। इसी दौरान अंधेरे और सुनसान जगह का फायदा उठाकर कुछ युवक वहां पहुंच गये। पहले सभी ने महिला के साथ मौजूद युवक के साथ मारपीट की और उसे डराकर भगा दिया। इसके बाद युवकों ने बारी-बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गये। घटना की खबर मिलते ही नगर थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी शुरू कर दी। तेज कार्रवाई के चलते कई आरोपी देर रात तक पकड़े जा चुके थे। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी निधि द्विवेदी ने रात में ही नगर थाना पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद वे सदर अस्पताल गईं और पीड़िता से मुलाकात कर उसका हाल जाना। पीड़िता के तहरीर के आधार पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। एसपी ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से जल्द सजा सुनिश्चित की जायेगी।



