
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। यातायात माह के 27वें दिवस पर गुरुवार को यातायात पुलिस अमेठी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सार्वजनिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गौरीगंज कस्बे में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान में वाहन चालकों और आमजनमानस को पम्पलेट वितरित कर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
कार्यक्रम की सबसे खास बात रही—प्रतीकात्मक ‘यमराज’ की भागीदारी, जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। यमराज की वेशभूषा में पुलिस कर्मी ने हेलमेट और सीटबेल्ट न पहनने वाले चालकों को चेतावनी दी, जबकि नियमों का पालन करने वालों को फूल देकर दीर्घायु होने का आशीर्वाद भी दिया।
जीवन अनमोल है इस संदेश के साथ लोगों से सुरक्षित यात्रा और नियमों का पालन करने की अपील की गई। यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा और यात्री वाहनों से माल ढोने वाले चालकों को भी सख्त हिदायत दी कि वे ऐसा न करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान कस्बे के प्रमुख स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाए गए तथा पैम्पलेट और हैंडबिल बांटकर लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

