पाकुड़ में ब्राउन शुगर की सप्लाई का भंडाफोड़, टोटो चालक गिरफ्तार
Brown sugar supply racket busted in Pakur, Toto driver arrested

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ नगर क्षेत्र में ब्राउन शुगर की सप्लाई की गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार तथा अंचल निरीक्षक शंभु दत्ता के नेतृत्व में गुरुवार को विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक के पास से एक टोटो चालक को धर दबोचा गया, जो चोरी-छिपे ब्राउन शुगर की सप्लाई कर रहा था। छापेमारी में युवक के पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल वजन 4.89 ग्राम), ₹2884 नकद और एक टोटो वाहन बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आलम (उम्र लगभग 29 वर्ष), पिता अंशु शेख, निवासी चक्दमिया, पंचायत जयकिस्तोपुर, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को थाना लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारी नेटवर्क में जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाने में जुटे हुए हैं। नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार ने कहा कि नगर क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सघन अभियान जारी है। “नशा माफिया किसी भी कीमत पर नहीं बचेंगे,” । वहीं अंचल निरीक्षक शंभु दत्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है और जल्द ही इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक भी पुलिस पहुंचेगी।



