अमेठी

दो बाइकों की टक्कर से चार घायल, दो की हालत गंभीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

अमेठी। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रतापगढ़ रोड स्थित कालिकन मोड़ पर दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस घटना में छात्रा सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अमेठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार इटौरी निवासी 19 वर्षीय नितिन पाण्डेय पुत्र अवधेश पाण्डेय और 55 वर्षीय सर्वेश पाण्डेय पुत्र राजनारायण पाण्डेय एक बाइक से चंद्रिकन धाम से लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर परसोली निवासी मोहम्मद सुल्तान पुत्र जब्बार अपनी सहपाठी छात्रा खुशनुमा बानो पुत्री मोहम्मद अज़ीज़ को घर छोड़ने जा रहे थे। सुल्तान और खुशनुमा आर.आर.पी.जी. कॉलेज के छात्र हैं। कालिकन मोड़ के पास दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हुई, जिससे चारों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घायलों में नितिन पाण्डेय, सर्वेश पाण्डेय, मोहम्मद सुल्तान और छात्रा खुशनुमा बानो शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने नितिन पाण्डेय और मोहम्मद सुल्तान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि चारों घायलों का उपचार किया गया है, लेकिन दो घायल युवकों की हालत चिंताजनक है, जिनमें मोहम्मद सुल्तान की स्थिति अधिक गंभीर है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रवासी कालिकन मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button