मॉडल कॉलेज राजमहल में उपस्थिति पर सख्ती, 80% से कम वालों को परीक्षा फॉर्म की अनुमति नहीं
Model College Rajmahal has strict attendance rules, with those scoring less than 80% not allowed to fill the exam form.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज तीनपहाड़ मॉडल कॉलेज राजमहल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया है कि कॉलेज के सभी सत्रों 2022–26, 2023–27, 2024–28 और 2025–29 की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। कॉलेज प्रशासन द्वारा किए गए हालिया कक्षा निरीक्षण में कई कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति बेहद कम पाई गई, जिस पर प्रशासन ने गहरी चिंता जताई है। प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए निर्धारित न्यूनतम 80% उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि 80% से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे समय-सारणी के अनुसार नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहें। अनावश्यक अनुपस्थिति को अनुशासनहीनता माना जाएगा और आगे किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। प्राचार्य ने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे कक्षा में उपस्थिति बढ़ाने के लिए जागरूकता पैदा करें और विद्यार्थियों की नियमितता सुनिश्चित करें। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में नियमित उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है और इस नियम के पालन में सभी का सहयोग अपेक्षित है।



