मथुरा

निगम की टीम ने पकड़े 22 बंदर युवकों ने छुडवाए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। नगर निगम द्वारा शहर में उत्पात मचाने वाले बंदरों को पकड़ा जा रहा है, वहीं कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। भूतेश्वर क्षेत्र में निगम की टीम ने  22 बंदर पकड़े जिन्हें कुछ युवकों ने पिंजरा खोल कर छुड़वा दिया। निगम के अधिकारी विरोध करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की बात कह रहे हैं। शहरी क्षेत्र में उत्पात मचाने वाले बंदरों को नगर निगम द्वारा टीम लगा कर पकड़वाया जा रहा है। पकड़े गए बंदरों को धौलपुर के जंगलों में छोड़ा जा रहा है। जिन क्षेत्रों में बंदर पकड़े जा चुके हैं वहां के लोग राहत की सांस ले रहे हैं। नगर निगम की टीम ने बंदर पकड़ने के लिए कंकाली मंदिर के निकट एक बाड़े की छत पर पिंजरा लगाया था। टीम ने कुछ ही देर में 22 बंदरों को पकड़ लिया। इसी बीच कुछ युवक हंगामा करते हुए वहां पहुंचे। उन्होंने बंदर पकड़ रही टीम के साथ अभद्रता की। युवक बंदरों को पकड़ने का विरोध करने लगे। उन्होंने टीम के लोगों को धमकाते हुए पकड़े गए बंदरों को छोड़ने के लिए कहा। युवकों का आरोप था कि टीम बंदरों को निर्जन स्थान पर छोड़ देगी। टीम के लोगों ने उत्पात मचाने वाले युवकों को समझाया कि वह पकड़े गए बंदरों को धौलपुर के जंगलों में छोड़ती है, जहां उनके खाने पीने की कोई परेशानी नहीं होगी। युवक टीम के साथ मारपीट करने को उतारू हो गए। इतना ही नहीं युवकों ने टीम द्वारा पकड़े गए सभी 22 बंदरों को पिंजरे से निकाल दिया। निगम के अधिकारियों का कहना है कि बंदरों को जनहित में पकड़ कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जा रहा है। बंदर पकड़ने वाली टीम का विरोध करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button