गाजियाबाद
मेधा पाटकर के जन्मदिवस पर ‘नशामुक्त पर्यावरण’ अभियान का शुभारंभ, लगाए जाएंगे 71 पौधे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी दिल्ली : सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति आंदोलन की अग्रदूत तथा नर्मदा बचाओ आंदोलन की संस्थापक मेधा पाटकर के 71वें जन्मदिवस के अवसर पर जे.के.बी.एम फाउंडेशन ने एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। फाउंडेशन द्वारा 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक चलाए जाने वाले इस अभियान का उद्देश्य समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
अभियान की शुरुआत साउथ दिल्ली स्थित लाडो सराय में पौधारोपण के साथ की गई। इस अवसर पर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सेजवाल ने बताया कि तेजी से बढ़ रहे प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय हालात के बीच देश को आज सबसे अधिक जरूरत नशामुक्त समाज और हरियाली की है। ऐसे में यह पहल समय की मांग है।
सेजवाल ने कहा कि मेधा पाटकर के 71वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में कुल 71 पौधे लगाए जाएंगे और उनकी नियमित देखभाल भी की जाएगी। अभियान की शुरुआत लाडो सराय गांव में अमरूद के पौधे के रोपण से की गई है और आगामी दिनों में दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अन्य पौधे लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों को यह संदेश भी देगा कि —
“एक पेड़ अपने लिए भी लगाएं। अगर सांसें हैं तो जीवन है।”
राजेश सेजवाल ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी जिम्मेदारी भी निभाए, क्योंकि स्वस्थ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन एक-दूसरे से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि मेधा पाटकर लगातार जल-जंगल-जमीन, पर्यावरण संरक्षण और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही हैं, और इस अभियान को उनकी सोच और विचारधारा के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।


