झामुमो प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने एक्स पर पोस्ट कर ऐसी किसी भी चर्चा का किया है खंडन
JMM spokesperson Kunal Sarangi has denied any such discussion in a post on X.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। हेमन्त सोरेन के बीजेपी के साथ हाथ मिलाने की अटकलों पर अब विराम लग गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने एक्स पर पोस्ट कर ऐसी किसी भी चर्चा का खंडन किया है। कुणाल सारंगी ने साफ कर दिया है कि बीजेपी ही हर रोज नया शिगूफा छोड़ रही है। इसके अलावा, जेएमएम ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से शाम 6 बजे पोस्ट किया- “झारखंड झुकेगा नहींं ” दरअसल, बीते दिनों सियासी गलियारों में ऐसी चर्चा थी कि दिल्ली में हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने बीजेपी के शीर्ष नेता से मुलाकात की है। दावा किया जा रहा था कि हेमंत सोरेन बीजेपी के साथ मिला सकते हैं, लेकिन अब सियासी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। मंगलवार देर शाम झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने एक्स पर पोस्ट किया- हाथी घोड़े तोप तलवारें, फौज भी तेरी सारी है… जंजीरों में जकड़ा राजा मेरा, फिर भी सब पर भारी है। उन्होंने आगे लिखा- झारखंड में भाजपा घाटशिला का उपचुनाव हारते ही सरेंडर मोड पर है। इनके नेतागण जान चुके हैं कि अगले 20 साल भाजपा झारखंड के सत्ता के केंद्र में नहीं लौटेगी, इसलिए हर रोज एक नया शिगूफा-हर रोज एक नया सपना देख रही है। पर सब ये जान लें, झारखंड ना झुका था-ना झुकेगा। हेमंत सोरेन जिंदाबाद, झारखंड मुक्ति मोर्चा जिंदाबाद।



