ललितपुर
ध्वनि नियमों की धज्जियां उड़ा रहे डीजे संचालक
केन्द्रीय ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का दिया हवाला
शादीघरों के आसपास रहने वाले लोगों की बढ़ रहीं मुश्किलें
पूर्व नगराध्यक्ष भाजपा ने डीएम को सौंपा शिकायती पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। सहालग के इस दौर में शादीघरों के आसपास बसीं कालोनियां और यहां रहने वाले लोगों को अनावश्यक ही परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मानकों की धज्जियां उड़ाते हुये डी.जे. संचालकों द्वारा अत्याधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाया जा रहा है। इस सम्बन्ध में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने जिलाधिकारी को एक पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने डी.जे. संचालकों द्वारा ध्वनि प्रदूषण के मानकों पर अमल कराये जाने और लोगों को हो रही अनावाश्यक परेशानियों को दूर किये जाने की मांग उठायी है। डीएम को भेजे पत्र में पूर्व नगराध्यक्ष भाजपा मनीष अग्रवाल ने बताया कि नगर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से इसी क्षेत्र में विवाह, पार्टियों और आयोजनों में अत्याधिक तेज आवाज में डी.जे. साउण्ड सिस्टम बजाया जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों व छोटे बच्चों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मानकों की धज्जियां उड़ाते हुये डी.जे. संचालकों द्वारा रात में अत्याधिक आवाज में साउण्ड सिस्टम बजाये जाने से रात में स्थिति और भयावह हो जाती है। उन्होंने केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व उच्च न्यायालय, सर्वोच्च न्यायालय से निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि होती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण अधिनियम व ध्वनि प्रदूषण (नियमन व नियंत्रण) नियम 2000 का हवाला दिया है। उन्होंने मांग उठायी है कि गल्ला मण्डी क्षेत्र में डीजे से हो रहे अत्याधिक ध्वनि प्रदूषण की जांच कराये जाने, आयोजकों को नियमों व समय-सीमा का पालन सुनिश्चित कराये जाने, रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार के डीजे/तेज ध्वनि के उपकरण उपयोग पर प्रभावी रोक, आवश्यकता पडऩे पर सम्बन्धित थाना प्रभारी को उचित कार्यवाही के लिए निर्देशित किये जाने की मांग उठायी गयी है।



