बरेली

इस पेराई सत्र में नहीं चलेगी त्रिवटीनाथ चीनी मिल

चार मिलें खरीदेंगी किसानों का गन्ना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बहादुरगंज में त्रिवटीनाथ शुगर्स एंड केमिकल्स (चीनी मिल) पहले पेराई सत्र में ही फेल हो गई है। प्रबंध तंत्र ने चीनी मिल में तकनीकी खराबी आना बता दिया है। ऐसे में उसको आवंटित किए गए गन्ना क्षेत्र को आयुक्त ने अन्य चार चीनी मिलों को सौंप दिया है। साथ ही संबंधित चीनी मिल वार सेंटरों का निर्धारण भी कर दिया है। बृहस्पतिवार तक जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों को पर्चियां भी जारी करा देने की बात कही है। जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी ने बताया कि त्रिवटीनाथ चीनी मिल 24 नवंबर से गन्ने की पेराई शुरू करने वाली थी। लेकिन, चीनी मिल में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण चालू नहीं हो सकी है। ऐसे में गन्ना आयुक्त ने त्रिवटीनाथ चीनी मिल को 5,514 हेक्टेयर क्षेत्रफल का आवंटित 40.54 लाख क्विंटल गन्ना अन्य चार चीनी मिलों को आवंटित कर दिया है। यह गन्ना संबंधित चीनी मिलें 15 क्रय केंद्रों पर किसानों से खरीदेंगी। इसमें मीरगंज चीनी मिल से गन्ना क्रय केंद्र चका चैड़ेरा-प्रथम व द्वितीय को जोड़ा गया है। इसी तरह निगोही चीनी मिल मुड़िया नवी वक्स, पिपरिया कनक, चुरैली, कुंडरा प्रथम, गुलड़िया अता हुसैन, हैदरगंज प्रथम व द्वितीय केंद्र से किसानों के गन्ने की खरीद करेगी। जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी ने बताया कि त्रिवटीनाथ चीनी मिल ने नियत तारीख से पेराई शुरू करने के लिए किसानों से करीब 1500 क्विंटल गन्ने की खरीद भी की है। लेकिन, मिल में तकनीकी खराबी आने से वह चालू नहीं हो पाई है। इसलिए चीनी मिल प्रबंधन को किसानों से खरीदे गए गन्ने के मूल्य का तुरंत भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button