गोड्डा
पथरगामा के सिंघईडीह गांव में एक व्यक्ति का मिला शव, ग्रामीणों में दहशत

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा/पथरगामा : प्रखंड अंतर्गत गंगटाकला पंचायत के सिंघईडीह गांव में रविवार को एक शव बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार देर रात किसी ने युवक की हत्या कर दी है, जिसका शव पड़ा हुआ पाया गया है। वहीं मृतक की पहचान सिंघईडीह गांव निवासी महावीर पंडित के पुत्र सीताराम पंडित के रूप में की गई है। बताया गया कि मृतक गांव के विषहरी मंदिर के समीप अपने परिवार के साथ रहता था। मृतक के संबंध में परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सीताराम पंडित की तीन बेटियाँ और एक बेटा है। वहीं देर रात किसी कारण और किसने इस वारदात को अंजाम दिया, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, तो गांव में सनसनी फैल गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पथरगामा थाना कि पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में सन्नाटा सा छा गया है और लोग दहशत में हैं। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



