
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत/बागपत : डिवाइन ग्लोबल एकेडमी में प्रधानाचार्य के.के. त्यागी के मार्गदर्शन में चल रही स्वाध्याय की अनोखी पहल ने शिक्षा जगत में नई दिशा दिखाई है। कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने बिना किसी शिक्षक की सहायता के, केवल उदाहरणों और अभ्यास के माध्यम से पूरा गणित पाठ्यक्रम स्वयं हल कर एक अद्भुत मिसाल कायम की है।
विद्यालय में इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को तिलक, पुष्पवर्षा, मैडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्वाध्याय के प्रथम चरण में कक्षा 6 की अर्चना, आराध्या दांगी, अवंतिका, आराध्या मलकानी, काव्या तोमर, भव्या तोमर, पंखुरी दहिया, अवनि तोमर, अपूर्वा तोमर, रूही नैन, नव्या त्यागी, लवी, कनिष्क, अवि और माही आदि छात्रों ने पूरा गणित पाठ्यक्रम स्व-अध्ययन से पूरा किया। सभी विद्यार्थियों ने समर्पण और मेहनत से विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
छात्रों को सम्मानित करते हुए प्रधानाचार्य के.के. त्यागी ने कहा कि स्वाध्याय वह शक्ति है जो बच्चों को न सिर्फ पढ़ाई में दक्ष बनाता है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और हर परिस्थिति का सामना करने योग्य बनाता है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में विद्यार्थी अब अंग्रेजी व्याकरण का संपूर्ण पाठ्यक्रम स्वयं अध्ययन कर हल करने की तैयारी में जुट चुके हैं।
उन्होंने कहा कि डिवाइन ग्लोबल एकेडमी की यह स्वाध्याय पहल आगे भी अन्य कक्षाओं में लगातार जारी रहेगी और शिक्षा के क्षेत्र में नया मानदंड स्थापित करती रहेगी—जहाँ छात्र केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि स्वयं सीखने की कला भी विकसित कर रहे हैं।



