पीएम श्री विद्यालय के विद्यार्थियों का कराया गया शैक्षिक भ्रमण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अमेठी ने कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों का मंगलवार को एक दिवसीय शैक्षिक क्षेत्र भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ चार बसों से यात्रा प्रारंभ की। सबसे पहले टीकरमाफी
स्थित स्वामी परमहंस आश्रम में बच्चों ने मंदिर परिसर का दर्शन कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। इसके बाद, विद्यार्थी श्रीमत परमहंस संस्कृत महाविद्यालय और बाबा साहेब भीमरावअंबेडकर सैटेलाइट सेंटर पहुँचे।
महाविद्यालय में उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद स्थापित किया। जिससे उन्हें संस्कृत शिक्षा और पारंपरिक ज्ञान प्रणाली के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
संस्कृत महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए सामुदायिक भोज का आयोजन किया गया। इससे बच्चों में सामूहिकता, सहयोग और पारस्परिक सद्भाव की भावना मजबूत हुई।
भोज के उपरांत, सभी बच्चे बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय सैटेलाइट सेंटर पहुँचे। यहाँ उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया और आधुनिक शिक्षा पद्धतियों व उच्च शिक्षा के ढांचे को समझने का प्रयास किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। यह पूरा शैक्षिक भ्रमण सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस दौरान शिक्षक कपिल कुमार, पंकज शुक्ल, सूरज शुक्ल, शेख सक्सेना, सुमित कुमार, जीतेश राय श्रीवास्तव, आलोक कुमार पांडेय, आराधना और स्नेह उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्राचार्य कपिल देव मिश्र ने बताया कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों में सामाजिक, धार्मिक और भौगोलिक जागरूकता का समग्र विकास होता है। उन्होंने कहा कि इससे उनकी सीखने की क्षमता में भी सकारात्मक वृद्धि होती है।


