गाजियाबाद

खनन मंत्री का पुतला फूंकेगी भारतीय किसान यूनियन (अनाज)

यमुना में अवैध खनन से बढ़ा पर्यावरण संकट, प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी/गाज़ियाबाद :  यमुना नदी में लगातार हो रहे अवैध खनन और प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (अनाज) ने आंदोलन तेज करने की घोषणा की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे खनन मंत्री का पुतला फूंककर बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सचिन शर्मा ने बताया कि पचहरा और नौरसपुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन चल रहा है। नदी की बहती धारा में पोकलेन मशीनों, जेसीबी और सक्शन पंपों से कई फीट गहरे गड्ढे किए जा रहे हैं, जिससे यमुना का प्राकृतिक स्वरूप गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वीकृत खनन क्षेत्र से बाहर भी रेत का अवैध उत्खनन कराया जा रहा है, और ओवरलोड वाहनों के जरिए रेत की आपूर्ति की जा रही है। इस पूरे नेटवर्क में ट्रैफिक विभाग के कुछ कर्मियों की मिलीभगत भी सामने आने की बात कही गई है।
पं. शर्मा ने वर्ष 2023 में अलीपुर बांध टूटने की घटना को अवैध खनन का परिणाम बताया। उनका कहना है कि खनन माफिया द्वारा नदी की धारा मोड़े जाने के कारण यह दुर्घटना हुई थी, जिसमें किसानों की सैकड़ों बीघा फसल नष्ट हो गई थी। लाखों-करोड़ों रुपये के नुकसान के बावजूद आज तक प्रभावित किसानों को मुआवजा नहीं मिला है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उपजिलाधिकारी लोनी और खनिज अधिकारी को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं, परंतु न तो कोई स्थलीय निरीक्षण किया गया और न ही अवैध खनन पर रोक लगी।
यूनियन की चेतावनी
संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि पचहरा और नौरसपुर में अवैध खनन पर शीघ्र रोक नहीं लगी, तो पर्यावरण प्रेमियों के साथ मिलकर बड़ा जन आंदोलन छेड़ा जाएगा। यूनियन ने यह भी बताया कि इस विषय में शिकायत राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और उत्तर प्रदेश शासन को पहले ही भेजी जा चुकी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button