ललितपुर
ओमनी खड़े ट्रक में जा घुसी, दो शिक्षिकाओं की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। महिला शिक्षिकाओं से भरी मारूति ओमनी हाई-वे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरी महिला शिक्षिका ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से शिक्षक वर्ग में शोक लहर है। सूचना मिलने पर तालबेहट कोतवाली प्रभारी मनोज मिश्रा ने मौके पर पहुंच कर राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तालबेहट में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक होने पर शिक्षकों को झांसी मेडीकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। इधर घटना के बाद हाई-वे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी, जिससे वाहनों की लम्बी कतारें लग गयीं। पुलिस ने क्रेन मशीन की मदद से परखच्चे उड़ी वैन को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया।
गौरतलब है कि झांसी से प्रतिदिन कई शिक्षक-शिक्षिकाएं ललितपुर स्थित परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाने के लिए आते जाते हैं। झांसी निवासी 36 वर्षीय आरती शर्मा ललितपुर जिले के विकास खण्ड तालबेहट अंतर्गत बिजरौठा गांव के प्राईमरी विद्यालय भंवरकली में पदस्थ थी। उनके साथ कई शिक्षिकाएं भी ललितपुर आकर विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य कराती थीं। प्रतिदिन की तरह बुधवार को वह मारुति वैन संख्या यू.पी.93 बी.जी. 4379 से ललितपुर आ रहीं थीं। आरती शर्मा के साथ वैन में चार अन्य शिक्षिकाओं में 40 वर्षीय आरती साहू, आरती देवी, 35 वर्षीय ज्योति सुन्दरानी व 32 वर्षीय सुभाषिनी साहू भी शामिल थीं। शिक्षिकाओं से भरी ओमनी को झांसी के हंसारी निवासी 37 वर्षीय हरीसिंह चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9 बजे तालबेहट कस्बा के पास माताटीला तिराहा के पास हाई-वे पर ओमनी कार ट्रक से जा टकराई। काफी तेजी से भाग रही ओमनी सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे वैन के ऊपर पर छप्पर उड़ गया। वैन की अगली सीट पर बैठी शिक्षिका आरती शर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि पिछली सीट पर बैठी सभी शिक्षिकाएं गंभीर रूप से घायल हो गयीं। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तालबेहट में भर्ती कराया गया, जहां शिक्षिका ज्योति सुन्दरानी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायल शिक्षिकाओं को उपचार के लिए झांसी मेडीकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहीं ड्राईवर की हालत भी गंभीर बनी हुयी है।



