गाजियाबाद
तीन दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आज 10 दिसंबर 2025 से तीन दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
कार्यशाला की मुख्य अतिथि, नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (NSTI) नोएडा की असिस्टेंट डायरेक्टर श्रीमती देवेंद्र कौर, तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती सुनीता भट और श्री प्रहलाद चौधरी (डायरेक्टर, जन शिक्षण संस्थान, पटेल नगर दिल्ली) रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में डॉ. राजेंद्र सिंह ने जन शिक्षण संस्थान की योजनाओं और 1994 से गाजियाबाद में पिछड़े वर्गों के लिए संचालित हस्त-दस्तकारी प्रशिक्षण की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
प्रथम सत्र में श्रीमती सुनीता भट ने NSTI की संरचना, प्रशिक्षण पद्धति और कौशल विकास के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देशभर में 33 NSTI संचालित हैं, जिनमें से 19 केवल महिलाओं के लिए हैं। उन्होंने उद्योग आधारित स्किल्स, ड्यूल सिस्टम ट्रेनिंग तथा सॉफ्ट स्किल्स के महत्व पर भी जोर दिया।
श्रीमती देवेंद्र कौर ने शिक्षक की भूमिका को ज्ञान निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि शिक्षक अधिगम के अनुकूल वातावरण तैयार करते हैं और भविष्य की पीढ़ी को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने NSTI में प्रवेश प्रक्रिया, योग्यता और कोर्स संरचना की जानकारी भी साझा की।
द्वितीय सत्र में विशेष अतिथि श्री प्रहलाद चौधरी ने अनुदेशकाओं को कौशल उन्नयन, करियर विकास, रोजगार के अवसरों और स्व–रोजगार के लिए आवश्यक मानसिकता तथा योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने युवाओं में आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल, नेटवर्किंग और सतत सीखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यशाला में कुल 41 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और सफल आयोजन में सहयोग देने वाले टीम सदस्यों—कार्यक्रम अधिकारी गुरुदीन, सहायक कार्यक्रम अधिकारी शोभा यादव, क्षेत्रीय सहायक मोहित, अकाउंटेंट रामकुमार, अंकित, सरिता, राम राज आदि का आभार व्यक्त किया।



