गोड्डा
झारखंड प्रदेश खेतोरी जन कल्याण संघ की ऐतिहासिक बैठक
अध्यक्ष अमृत सिंह के नेतृत्व में समाज को मिली नई दिशा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। पथरगामा प्रखंड अंतर्गत महादेवकिता मंदिर परिसर में झारखंड प्रदेश खेतोरी जन कल्याण संघ के बैनर तले एक अहम और ऐतिहासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक का नेतृत्व झारखंड प्रदेश खेतोरी जन कल्याण संघ के अध्यक्ष अमृत सिंह ने किया। बैठक में समाज की एकता, संगठन विस्तार, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक अधिकार और जनकल्याण से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई। अध्यक्ष अमृत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेतोरी समाज को अब संगठित होकर अपने हक और अधिकारों के लिए आगे आना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा और संगठन को मजबूत कर समाज के भविष्य की नींव रखें। अमृत सिंह ने कहा कि झारखंड प्रदेश खेतोरी जन कल्याण संघ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज की आवाज है, जो हर स्तर पर लोगों की समस्याओं को उठाने और समाधान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से मतभेद भुलाकर एकजुट होने की अपील की।बैठक में उपस्थित समाज के वरिष्ठ नागरिकों, बुद्धिजीवियों, महिलाओं और युवाओं ने भी अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव दिए। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस तरह की बैठकों से समाज में जागरूकता और एकता को नई मजबूती मिलती है। महादेवकिता मंदिर परिसर में हुई यह बैठक खेतोरी समाज के लिए मील का पत्थर साबित होने जा रही है, जिससे आने वाले समय में सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौके पर दिलीप चौधरी, रामदेव राय, मोहन लायक, बबलू राय, निर्मल सिंह, इंदु शेखर सिंह, जगत राम सिंह, रामसुंदर सिंह, राजेंद्र प्रसाद राय, उमेश कुमार सिंह, तपेश्वर मांझी, सत्येंद्र नारायण, कुमार पूजन सिंह, अशोक कुमार सिंह, अनिल दर्वे, बलराम कुमार सिंह, उत्तम राय, बृजमोहन राय, सकलदीप सिंह सहित ग्रामीण वासी एवं सभी पथरगामा वासी उपस्थित थे।



