
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के सम्मान में वृन्दावन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से उनके चाहने वालों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा का माहौल भावुक और सम्मान से भरा रहा। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुंबई से आए अनिल शर्मा प्रोडक्शन के स्वामी एवं मशहूर फिल्म निर्देशक अनिल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अभिनेता धर्मेंद्र के साथ बिताए पलों को याद करते हुए उनके सादगीपूर्ण स्वभाव, मेहनत और फिल्मों के प्रति समर्पण की सराहना की। अनिल शर्मा ने कहा कि धर्मेंद्र केवल एक महान अभिनेता ही नहीं बल्कि एक संवेदनशील और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के धनी रहे हैं जिनसे फिल्म जगत ने बहुत कुछ सीखा है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने धर्मेंद्र के फिल्मी सफर, उनकी यादगार भूमिकाओं और भारतीय सिनेमा में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद प्रशंसकों ने उनके गीतों और संवादों को याद कर उन्हें नमन किया। सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दी गई और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान सभा में मौजूद मथुरा की सांसद हेमामालिनी से मिलकर लोगों ने अपनी शोक संवेदना प्रकट की।



