क्रिसमस गैदरिंग में दीप प्रज्वलन व केक कटिंग, विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी व हेमलाल मुर्मू हुए शामिल
Lamp lighting and cake cutting at Christmas gathering; MLAs Prof. Stephen Marandi and Hemlal Murmu attended

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिले के सर्किट हाउस में मंगलवार को क्रिसमस गैदरिंग का भव्य एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी एवं लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमलाल मुर्मू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं केक काटकर किया। इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला सचिव माईकिल मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव, जिला उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सहित कई वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उद्घाटन के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द का संदेश साझा किया। विभिन्न वर्गों और समुदायों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। अपने संबोधन में विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि क्रिसमस पर्व प्रेम, शांति, त्याग और सेवा की भावना का प्रतीक है। यह पर्व समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करने तथा मानवता के प्रति अपने दायित्वों को निभाने की प्रेरणा देता है। वहीं विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता को सशक्त बनाते हैं और विभिन्न समुदायों को एक-दूसरे के और करीब लाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान क्रिसमस कैरोल, आपसी मिलन एवं सांस्कृतिक सौहार्द का मनोहारी वातावरण देखने को मिला। अंत में उपस्थित अतिथियों ने जिले की खुशहाली, शांति एवं निरंतर विकास की कामना की।



