पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने की मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक
महिला स्वयं सहायता समूहों की फिश फार्मिंग पर विशेष फोकस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवं राज्य परिवर्तन आयोग के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने लखनऊ में मत्स्य विभाग के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश के 10 जनपदों में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं द्वारा संचालित फिश फार्मिंग के प्रयासों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना, ग्रामीण महिलाओं की आजीविका में वृद्धि करना तथा पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करना है। बैठक में इन प्रयासों को ‘विकसित उत्तर प्रदेश@2047’ के व्यापक लक्ष्यों से जोड़ते हुए आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। मनोज कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों को तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण एवं वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराकर फिश फार्मिंग को और मजबूत किया जाए।
मत्स्य विभाग की इस योजना के तहत महिलाओं को मछली पालन के लिए विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) जैसी केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाया जा रहा है। इन समूहों द्वारा किए जा रहे कार्य से न केवल आर्थिक आत्मनिर्भता बढ़ रही है, बल्कि स्थानीय स्तर पर पौष्टिक आहार की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो रही है। बैठक में मत्स्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न जनपदों से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। यह पहल प्रदेश में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




