
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पूरी तरह तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन से पहले स्थल का निरीक्षण किया और सभी तैयारियों का जायजा लिया। यह भव्य स्थल 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित किया जाएगा।
65 एकड़ में फैला यह कमल आकार का स्मारक स्थल लगभग 232 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हुआ है। इसमें अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित हैं। इसके अलावा, एक आधुनिक म्यूजियम भी बनाया गया है, जो इन महान नेताओं के जीवन, योगदान और विचारधारा को डिजिटल एवं इंटरएक्टिव तरीके से प्रदर्शित करता है। स्थल में बड़ी जनसभाओं के लिए 1 लाख लोगों की क्षमता वाला विशाल मैदान, 2000 वाहनों की पार्किंग सुविधा तथा 3 हेलीपैड की व्यवस्था की गई है। यह स्थल राष्ट्र निर्माण में इन नेताओं की प्रेरणा को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को अंतिम तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। यह स्थल लखनऊ के पर्यटन मानचित्र पर एक नया आकर्षण केंद्र बनेगा तथा राष्ट्रभक्ति और प्रेरणा का प्रतीक होगा।




