
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बढ़ती ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी स्कूलों की समय-सारणी में बदलाव किया है। आदेश के अनुसार, कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी स्कूलों (सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड सहित सभी बोर्डों) में अब कक्षाएं सुबह 9 बजे से पहले शुरू नहीं होंगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगले निर्देश तक जारी रहेगा
जिलाधिकारी के आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सुबह के समय घना कोहरा और शीतलहर छात्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण है। इस कारण सुबह जल्दी स्कूल खोलने से बच्चों को परेशानी हो सकती है तथा सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। स्कूल प्रबंधनों को निर्देश दिए गए हैं कि इस आदेश का कड़ाई से पालन करें तथा उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
मौसम विभाग ने लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह विजिबिलिटी बेहद कम रहने से यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
यह फैसला छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। अभिभावकों से अपील की गई है कि बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर भेजें तथा कोहरे में सावधानी बरतें। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




