
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना : जनपद शामली में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के अंतर्गत थाना झिंझाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से अवैध 25 ग्राम स्मैक बरामद की है। यह अभियान पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार के निकट पर्यवेक्षण में झिंझाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुर्सलीन पुत्र नूरा निवासी ग्राम रामड़ा, थाना कैराना के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 25 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना झिंझाना पर मु0अ0सं0 132/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ आगे की कार्रवाई करते हुए उसके नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है, जिसमें उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार, गौरव कुमार, जगदीश पूनिया एवं कांस्टेबल निशांत कुमार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चितरहे।
