
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललमटिया/गोड्डा : अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ईसीएल क्षेत्रीय सुरक्षा, सीआईएसएफ और ललमटिया थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने दो दिनों तक लगातार छापेमारी कर 22 टन से अधिक अवैध कोयला जब्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय कोयला माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
ईसीएल क्षेत्रीय सुरक्षा एवं सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने तालझारी और जनकपुर गांव के समीप छापेमारी कर 10.15 टन अवैध कोयला जब्त किया। पहली कारवाई क्षेत्रीय सुरक्षा एवं सीआईएसएफ द्वारा नीमा एवं जनकपुर गांव के पास संयुक्त छापेमारी की गई, जहां से 8.30 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। दूसरी कार्रवाई ईसीएल क्षेत्रीय सुरक्षा, सीआईएसएफ एवं ललमटिया पुलिस की संयुक्त टीम ने बलिया मोड़ से हुरा सी रोड, डुमरिया फुटबॉल ग्राउंड के पास छापेमारी कर लगभग 4 टन अवैध कोयला जब्त किया। कुल बरामदगी इन तीनों कार्रवाइयों में कुल 22.45 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। अधिकारियों के अनुसार अवैध कोयला खनन और परिवहन से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था। संयुक्त टीमों की इस सख्त कार्रवाई से अवैध कारोबारियों के नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ आगे भी निरंतर और सख्त अभियान जारी रहेगा। इस मामले में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीमों ने दो टूक कहा कि राष्ट्रीय संपदा की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। दौरान वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक इंद्रदेव टुडू, ललमटिया थाना पुलिस एवं सभी सुरक्षा गार्डन शामिल थे।




