गोड्डा
जिले में घने कोहरे ने दी दस्तक, सड़कों की रफ्तार थमी, ठंड से जनजीवन सुस्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। इस मौसम में पहली बार घने कोहरे ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह से ही आसमान कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया, जिससे जिले भर में दृश्यता बेहद कम हो गई। कोहरे का असर इतना अधिक रहा कि सड़कों पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई। वहीं, आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। सुबह के समय कई स्थानों पर कुछ ही मीटर की दूरी तक कुछ नजर नहीं आ रहा था। हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। कोहरे के कारण दुर्घटना की आशंका को देखते हुए लोग सतर्क नजर आए। तेजी से बढ़ी ठंड के चलते लोगों ने आग का सहारा लेना शुरू कर दिया है। चौक-चौराहों, बाजारों और गांवों में अलाव जलाते हुए लोग ठंड से बचाव करते दिखे। वहीं पशुपालकों को भी मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए ढकने पर विवश होना पड़ा है। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से सुबह की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। ठंड और कोहरे के कारण लोग देर से घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, जिससे कोहरे का असर और गहरा होने की संभावना जताई जा रही है।



