गोड्डा

बलबड्डा स्थित राम सुंदर राम +2 उच्च विद्यालय का 75वां हीरक जयंती समारोह भव्य रूप से सम्पन्न

मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने दी 75 लाख की सौगात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बलबड्डा :  स्थित राम सुंदर राम +2 उच्च विद्यालय का 75वां हीरक जयंती स्थापना समारोह बड़े ही भव्य और ऐतिहासिक अंदाज में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसने उपस्थित अतिथियों, पूर्व छात्रों और ग्रामीणों का मन मोह लिया। समारोह के दौरान विद्यालय के स्थापना काल से जुड़े जीवित शिक्षकों सहित अब तक के सभी पूर्ववर्ती शिक्षकों या उनके परिजनों को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। यह दृश्य भावनात्मक रहा, जब वर्षों पहले विद्यालय की नींव रखने वाले गुरुजन मंच पर नजर आए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व और भावुक क्षण है, जब वे अपनी आंखों के सामने इतिहास को साक्षी बनते देख रही हैं। मंत्री ने पूर्व मंत्री एवं संयुक्त बिहार सरकार के नेता, अपने ससुर स्व. अवध बिहारी सिंह द्वारा लिखे गए संदेश को पढ़कर सुनाया, जिसमें विद्यालय से उनके पुराने जुड़ाव का उल्लेख किया गया। मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने घोषणा करते हुए कहा कि विद्यालय के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उनके विधायक मद से चार कमरों के निर्माण हेतु 65 लाख रुपये तथा विद्यालय के प्रथम प्राचार्य स्व. हरिहर बाबू की प्रतिमा स्थापना के लिए 10 लाख रुपये, कुल 75 लाख रुपये की योजना विद्यालय को भेंट की जा रही है। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए युवाओं, अभिभावकों और शिक्षकों से नशापान से दूर रहने की अपील की। हीरक जयंती समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यालय के स्थापना काल के तीन जीवित शिक्षक रहे, जिनकी आवाज और अनुभवों को सुनकर सैकड़ों छात्र भावुक हो उठे। संयोगवश तीनों ही विज्ञान विषय के शिक्षक रहे। रसायन शास्त्र के शिक्षक राजनारायण सिन्हा ने विद्यालय में 22 वर्षों की सेवा दी और बाद में मुंगेर से सेवानिवृत्त हुए। भौतिकी के शिक्षक देवेंद्र बाबू ने अपनी स्मृतियों के साथ कविता पाठ कर माहौल को भावुक बना दिया। वहीं जीव विज्ञान के शिक्षक लक्ष्मी गोप सर ने तत्कालीन प्राचार्य हरिहर बाबू से जुड़ा एक रोचक प्रसंग सुनाया, जिसमें उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार को ठुकराने की बात ने सभी को प्रेरित किया। समारोह में दिवंगत शिक्षकों भोला बाबू, नरेश बाबू, अक्षय राम, रत्नेश्वर बाबू, वकील बाबू, छेदी बाबू सहित अन्य शिक्षकों के परिजनों को भी विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही स्व. हरिहर बाबू के भतीजे डॉ. सतीश मंडल, नाती राजेश कुमार (रेल अभियंता) सहित कई विशिष्ट अतिथियों को सम्मान मिला। विद्यालय में सेवा देने वाले स्व. शीतल साह और उनके पुत्र स्व. कैलाश साह के परिजनों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। हीरक जयंती के अवसर पर पूरे गांव में भव्य झांकी बैंड-बाजे के साथ निकाली गई। मंत्री द्वारा केक काटकर गुब्बारे आकाश में छोड़े गए और जमकर आतिशबाजी हुई। स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। खेल प्रशिक्षक पवन सिन्हा ने मंच से खेल शिक्षक और खेल ट्रैक की मांग रखते हुए पूर्ववर्ती खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया।इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक मो. मजहरुल हक, वरीय शिक्षक सतीश रॉय, प्रवीण कुमार सहित विद्यालय परिवार की सक्रिय भूमिका रही। वहीं धनंजय सिंह, डॉ. कुलदीप, पंकज अतुल, मधुकर, नयन, मनोज मेहता, शैलेंद्र, अरुण राम, राहुल कुमार, सीताराम भगत, मृतुंजय भगत, श्रीराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों और देश के विभिन्न हिस्सों से आए पूर्व छात्रों की सहभागिता सराहनीय रही। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और हीरक जयंती समारोह को ऐतिहासिक बताया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button