लखनऊ

यूपी भाजपा में नड्डा-योगी की मौजूदगी में बड़ी बैठक

नए अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठन मजबूती और 2027 चुनाव पर फोकस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने की कवायद तेज हो गई है। शनिवार को लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पंकज चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनकी अगुवाई में पहली बड़ी बैठक थी।

बैठक में विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) अभियान, वीर बाल दिवस तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती से जुड़े कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा आगामी स्नातक चुनाव, पंचायत चुनाव और 2027 विधानसभा चुनावों की रणनीति पर मंथन किया गया। संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलावों की संभावना जताई गई, जिसमें सभी विभागों, प्रकोष्ठों और मोर्चों में फेरबदल हो सकता है।

बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी नेताओं का कहना है कि 2026 के पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को नई ऊर्जा देने की दिशा में यह बैठक अहम कदम है। पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश में भाजपा की पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।

गौरतलब है कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी को 14 दिसंबर को उत्तर प्रदेश भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनकी नियुक्ति को ओबीसी वोट बैंक, खासकर कुर्मी समुदाय को मजबूत करने की भाजपा की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की जगह लेते हुए पंकज चौधरी ने संगठन की कमान संभाली है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button