रांची

दिल्ली में तय हुआ झारखंड के स्वास्थ्य भविष्य का रोडमैप: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

The roadmap for Jharkhand's health future has been finalised in Delhi: Health Minister Dr Irfan Ansari

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची/नई दिल्ली। झारखण्ड के स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि नई दिल्ली में केंद्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रताप राव जाधव के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के स्वास्थ्य भविष्य को लेकर ऐतिहासिक सहमति बनी है।
इस बैठक में झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक विकास को लेकर कई अहम योजनाओं पर सहमति बनी, जिनमें हेल्थ कॉटेज की स्थापना, आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय का निर्माण, राज्य के मेडिकल कॉलेजों का सशक्तिकरण, रिम्स एवं सदर अस्पताल रांची का उन्नयन तथा झारखंड में 7 एआई आधारित हाईटेक मेडिकल लैब की स्थापना शामिल है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं को 60:40 के फंडिंग फॉर्मूले (केंद्र:राज्य) के तहत लागू करने पर सहमति बनी है, जिससे राज्य को स्वास्थ्य अवसंरचना के विकास में मजबूत आर्थिक सहयोग मिलेगा।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रताप राव जाधव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि,
“20 वर्षों तक झारखंड का स्वास्थ्य क्षेत्र उपेक्षित रहा, लेकिन अब राज्य सरकार गंभीरता से काम कर रही है। आप डॉक्टर हैं, मैं भी डॉक्टर हूं। केंद्र सरकार झारखंड को हरसंभव सहयोग देगी।”
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बैठक में कहा,
“मैं सिर्फ मंत्री नहीं, डॉक्टर भी हूं। झारखंड की सेहत मेरे लिए एक मिशन है।”
उन्होंने कहा कि गरीब, आदिवासी और वंचित वर्ग तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डॉ. अंसारी ने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिलेगा और आम जनता को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण इलाज का लाभ मिलेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button