रांची रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में मिला तीन माह का नवजात शिशु
A three-month-old baby boy was found abandoned at Ranchi railway station.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची रेलवे स्टेशन से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर तीन माह के एक नवजात शिशु को लावारिस अवस्था में पाया गया। ड्यूटी पर तैनात शिफ्ट अधिकारी एएसआई अरुण कुमार एवं महिला कांस्टेबल राखी कुमारी ने शिशु को प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर जीआरपी रांची के समीप ओवरब्रिज के नीचे देखा। घटना की सूचना तत्काल जीआरपी रांची को दी गई। इसके बाद महिला कांस्टेबल राखी कुमारी द्वारा शिशु को सुरक्षित रूप से जीआरपी थाना लाया गया, जहां उसे सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया। शिशु की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। मौके पर मौजूद यात्रियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन शिशु के संबंध में कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक अज्ञात पुरुष को शिशु को लेकर जाते हुए देखा गया है, जिसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है। कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद आरपीएफ एवं जीआरपी की उपस्थिति में नवजात शिशु को चाइल्ड वेलफेयर कमिटी (CWC), रांची को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शिशु के परिजनों की तलाश की जा रही है।



