मनरेगा को कमजोर करने के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
Congress staged a strong protest against the weakening of MNREGA

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहेबगंज, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को कमजोर किए जाने, इसके नाम से महात्मा गांधी का नाम हटाने तथा ग्रामीण गरीबों के रोजगार के संवैधानिक अधिकार पर कथित हमले के विरोध में जिला कांग्रेस कमिटी साहेबगंज की ओर से रविवार को जिला मुख्यालय स्थित गांधी चौक पर गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए मनरेगा को ग्रामीण गरीबों के हक पर सीधा हमला बताया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश रच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में शुरू की गई योजनाओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। बरकतुल्लाह खान ने कहा कि मनरेगा योजना की शुरुआत वर्ष 2005 में कांग्रेस सरकार ने ग्रामीण गरीबों को 100 दिनों का रोजगार देने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और नकद आय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की थी। लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने न केवल योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाया है, बल्कि इसके बजट और क्रियान्वयन को भी कमजोर किया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार जनविरोधी नीतियों को वापस नहीं लेती है और योजना का नाम पुनः महात्मा गांधी के नाम से नहीं जोड़ा जाता है, तो कांग्रेस पार्टी जिला से लेकर पंचायत स्तर तक व्यापक आंदोलन करेगी और गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करेगी। प्रदर्शन में मो. कलीमुद्दीन, बासुकीनाथ यादव, सरफराज आलम, भोला महतो, हीरालाल साहा, दिलीप गुप्ता, यमुना दास, मो. सलाहउद्दीन, अली कुरैशी, कज्जाफी मुर्शाद, रिज़वान अंसारी, रणजीत टुडू, देवेंद्र ठाकुर, शबदुल अंसारी, लक्ष्मण मंडल, मोफिज आलम, अनंतलाल भगत, संतोष झा, छोटेलाल रमानी, नेहाल अख़्तर, प्रमित तिवारी, गुफरान आलम, मनीष प्रताप, मो. रहीम, सुभाष कुमार, सिफरान अख़्तर, सूरज पासवान, अब्दुल कादिर सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।



