
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। झुग्गी-झोंपड़ी वासी सह फुटपाथ दुकानदार महासंघ के बैनर तले सोमवार को नगर सेवा भवन बोकारो पर प्रदर्शन किया गया। बोकारो इस्पात प्रबंधन के संपदा न्यायालय के अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में किया गया था।
प्रदर्शन के माध्यम से महासंघ द्वारा 14 सूत्री मांगपत्र सेल अध्यक्ष के नाम से मुख्य महाप्रबंधक नगर सेवाएं को सौंपा गया। महासंघ के संरक्षक कुमार राकेश ने मांगपत्र सौंप कर शीघ्र समाधान की मांग की।
सौपे गये मांगपत्र में बोकारो इस्पात नगर के सभी झुग्गीवासियों और फुटपाथ दुकानदारों का सर्वे कराने, पथ-विक्रेता अधिनियम 2014 के तहत फुटपाथ दुकानदारों को पुनर्वासित करने, प्रभावित मीट-मुर्गा दुकानदारों को पुनर्वासित करने, प्रभावित अनुसूचित जाति और अनुसूचित जन जाति के झुग्गीवासियों को आवास देने, अतिक्रमण अभियान के दौरान तोड़ी गयी लाइसेंसी दुकान को मुआवजा देने,सेक्टर पांच हटिया में बिना सुविधा प्रदान किये शुल्क वसूली बंद करने, लीज और लाईसेंस के आवासों के अतिरिक्त निर्माण को नियमित करने, ठेका श्रमिकों को खाली ई-टाइप आवास आवंटित करने, सभी खटालवासियों को कामधेनु खटाल की तरह जगह आवंटित करने, वर्ष 1996-97 के ठेला आवेदकों के लाइसेंस निर्गत करने, वर्ष 2011 के नयू-सिटी सेंटर प्लाॅट आवेदकों को आवंटन, विस्थापित नन पंचायत गांवों में बिजली-पानी, सड़क, विद्यालय आदि प्रदान करने, नगर के सभी झुग्गियों और फुटपाथ दुकानों में सशुल्क बिजली-पानी का मीटर लगाने तथा केन्द्र और राज्य सरकार की सभी योजनाएँ नगर और नन पंचायत में लागू करने की मांगे शामिल हैं।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महासंघ के संरक्षक और आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा कि सेल के अन्य कई शहरों में झुग्गीवासियों और फुटपाथ दुकानदारों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएँ लागू हैं। उन्हें यहां भी लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद की जा रही तार की फेनसिंग हटाई जाये या उसमें रास्ता दिया जाये। मीट दुकानदारों, अन्य दुकानदारों और प्रभावित झुग्गीवासियों का पुनर्वास प्रबंधन की नैतिक जिम्मेवारी है।
प्रदर्शन में महासंघ के जिलाध्यक्ष श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, कार्यकारी अध्यक्ष संजय रजक, उपाध्यक्ष सत्येंद्र ठाकुर, लखन महतो, रघुनंदन वर्णवाल, अमित कुमार आदि ने विचार रखे। मौके पर उपाध्यक्ष गोविंद जायसवाल, स्थानीय कमिटियों के पदाधिकारी और सक्रिय सदस्य कैलाश महतो, ,संजय कुमार साव, अशोक कुमार, प्रशांत कुमार सिन्हा, अमित वर्णवाल, धर्मपाल कुमार, मो रुस्तम, मुकेश मेहता, इरफान अंसारी,अनिल मुंडा, प्रभात कुमार सिन्हा सहित अन्य उपस्थित रहे।




