गाजियाबाद

अंकुर विहार पुलिस की मुठभेड़ में दो इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार

शिवम उर्फ लालू हत्याकांड के आरोपी दिल्ली–सहारनपुर हाईवे से भागते समय दबोचे गए, एक बदमाश मुठभेड़ में घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंकुर विहार थाना पुलिस ने बीती देर रात मुठभेड़ के बाद 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़े गए दोनों आरोपी 11 दिसंबर को डीएलएफ वेद विहार निवासी शिवम उर्फ लालू की गोली मारकर हत्या करने के मामले में वांछित चल रहे थे।
गढ़ी कटैया कट के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्यवाही के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरा आरोपी मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे भी दबोच लिया।
पुलिस सहायक आयुक्त ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि सूचना मिली थी कि शिवम हत्याकांड में शामिल इनामी आरोपी दिल्ली–सहारनपुर हाईवे की सर्विस रोड के रास्ते फरार होने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की निशानदेही पर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल होकर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके साथी को कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पकड़ लिया गया। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम अफसर निवासी डाबर बताया, जबकि दूसरे आरोपी ने अपना नाम शहजाद निवासी बलराम नगर बताया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button