गाजियाबाद

लोनी के किसानों की वर्षों पुरानी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से की गई  हस्तक्षेप की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। लोनी विधानसभा क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर आवाज़ बुलंद की गई है। लोनी के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर किसानों ने अपनी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विधानसभा क्षेत्र-53, लोनी के अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांवों के किसान बीते लगभग आठ वर्षों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। विशेष रूप से आवास विकास परिषद की मंडोला विहार योजना के विरोध में किसान लगातार आंदोलनरत हैं। किसानों का कहना है कि लंबे समय से वे अपनी पीड़ा और मांगों को प्रशासन के समक्ष रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।
किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी लगातार हो रही उपेक्षा से सरकार का रवैया किसान विरोधी नजर आता है, जिसका प्रभाव आम जनता पर भी पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता न अपनाना पड़े।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी से जुड़े नेताओं ने भी सरकार को चेतावनी दी। नेताओं ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए बड़े जन आंदोलन की शुरुआत करेगी।
ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में उम्मेद पहलवान इदरीसी (पूर्व प्रत्याशी, लोनी नगर पालिका परिषद), गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के पूर्व सदस्य, लोनी विधानसभा अध्यक्ष भाई ललित गुर्जर, लोनी नगर अध्यक्ष भाई हसमुद्दीन इदरीसी तथा लोनी नगर उपाध्यक्ष बबलू भाई इदरीसी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button