मथुरा
गोवर्धन में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध हुआ शंखनाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। गोवर्धन में स्प्रिंग होप कैंसर फाउंडेशन दिल्ली एवं कल्याणं करोति नेत्र संस्थान जचौंदा के संयुक्त तत्वावधान में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध अभियान जागरण से निवारण तक का शुभारंभ हुआ। इस दौरान आशा वर्कर को डाटा फीडिंग के लिए एक एप भी डाउनलोड कराया गया। विशेषज्ञों ने समाज से सर्वाइकल कैंसर को मिटाने के तौर तरीकों पर प्रजेंटेशन दिए। वक्ताओं ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 2030 तक सर्वाइकल कैंसर को खत्म करने का लक्ष्य रखा है। इसे जांचने के लिए विभिन्न श्रेणियों में निर्धारित जांच कराना एवं टीकाकरण के प्रति महिलाओं को जागरूक करना जरूरी है। विशेषज्ञों ने आशाओं को सभी जरूरी जांच एवं टीकाकरण की उम्र आदि की जानकारी दी। सर्वाइकल कैंसर के लक्षणों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मथुरा के सीएमओ डॉ. राधा बल्लभ, एसीएमओ डॉ. अनुज चौधरी, डॉ. बी. डी. गौतम, डॉ. भूदेव, संस्था महासचिव सुनील कुमार शर्मा एवं फाउंडेशन के अतिथियों ने किया। कार्यक्रम में नेत्र संस्थान के पीताम्बर जोशी, राजकुमार वर्मा, राम सनेही, गौरव आदि का सहयोग रहा।



