अमेठी

कृषि भवन परिसर में चार दिवसीय किसान मेला आयोजित

38 प्रगतिशील किसान सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

अमेठी। कृषि विभाग द्वारा कृषि भवन ताला अमेठी में चार दिवसीय पारंपरिक ग्रामीण किसान मेला और किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य किसानों को कृषि से संबंधित नवीनतम तकनीकों, सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी प्रदान करना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि और मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने जनपद के 38 प्रगतिशील किसानों को उत्कृष्ट उत्पादन के लिए प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
मेले में कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, बैंक, सहकारिता, समाज कल्याण, उद्योग, स्वयं सहायता समूह और दुग्ध सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान, तकनीकी सहायता और लाभकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
किसानों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने नकदी फसलों को बढ़ावा देने और कृषि विभाग की योजनाओं व नवीन तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि शासन किसानों के हित में कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रहा है। जिनका लाभ उठाकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं।
मेले के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिकों, कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारियों तथा प्रगतिशील किसानों ने मृदा परीक्षण, फसल चक्र, संतुलित उर्वरकों के प्रयोग और उन्नत खेती के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने अधिकारियों को सभी किसानों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे इस चार दिवसीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर नवीनतम कृषि तकनीकी जानकारी प्राप्त करें।
उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा राम प्रसाद मिश्र, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button