गोड्डा
धान लदी ट्रैक्टर पलटने से चालक व सहचालक की मौत, गांव में पसरा मातम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेहरमा। थाना क्षेत्र के धमड़ी-बरारी मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान से लदी एक ट्रैक्टर पानी भरे गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक और सहचालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर शंकरपुर के बरारी स्थित झल्ला टोला से धान लादकर बाराहाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान धमड़ी के पहले सड़क के किनारे गड्ढे के पास ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया तथा ट्रेक्टर गड्ढे में जा गिरी। ट्रैक्टर के गड्ढे में गिरने से नीचे दबने के कारण चालक और सहचालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर, सहदेव प्रसाद, वीरेंद्र मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढे से ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। मृत सहचालक युवक की पहचान मेहरमा थाना क्षेत्र के बरारी निवासी आजादी पासवान के 20 वर्षीय पुत्र विकास पासवान के रूप में हुई है। वहीं, ट्रैक्टर चालक का नाम पाड़े बताया गया, जो झल्ला टोला, थाना मेहरमा निवासी बेहड़ सोरेन का पुत्र था। मृतक विकास पासवान के पिता आजादी पासवान ने बताया कि उनका पुत्र झल्ला टोला से धान लोड कर ट्रैक्टर के माध्यम से बाराहाट स्थित गोदाम ले जा रहा था। कुछ ही देर बाद उन्हें सूचना मिली कि ट्रैक्टर गड्ढे में पलट गई है, जिससे उनके बेटे की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से शव का पंचनामा बनाने की तैयारी समाचार प्रेषण किए जाने तक जारी था।



