गुड गवर्नेंस वीक पर सदर अंचल कार्यालय में नई सुविधाओं का शुभारम्भ, उपायुक्त मनीष कुमार ने मंईया कक्ष समेत ऊर्जा कक्ष एवं हेल्प डेस्क का किया उद्घाटन
New facilities inaugurated at Sadar Zonal Office on Good Governance Week; Deputy Commissioner Manish Kumar inaugurated the Mainiya Room, Energy Room and Help Desk.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। गुड गवर्नेंस वीक के अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार ने मंगलवार को सदर अंचल, पाकुड़ में नवनिर्मित मंईया कक्ष, ऊर्जा कक्ष एवं हेल्प डेस्क का फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर अंचल कार्यालय परिसर को आकर्षक एवं सुसज्जित रूप से सजाया गया था। मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि एक ओर जिले में क्रिसमस पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर गुड गवर्नेंस वीक के तहत आज गुड गवर्नेंस डे भी मनाया जा रहा है। उन्होंने सदर अंचल कार्यालय द्वारा आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई इस पहल को अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय बताया। उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं की सुविधा के लिए मंईया कक्ष, आगंतुकों के लिए ऊर्जा कक्ष तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु हेल्प डेस्क की स्थापना से अंचल कार्यालय पहले से अधिक पीपुल-फ्रेंडली बन गया है। कार्यालय की सुंदर, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित सज्जा से इसकी गरिमा में वृद्धि हुई है और आम लोगों को सकारात्मक प्रशासनिक अनुभव प्राप्त हो रहा है। उन्होंने इस अभिनव पहल के लिए अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी तथा कहा कि इसी मॉडल को आगामी 1 से 2 माह के भीतर जिले के सभी छह प्रखंडों में लागू किया जायेगा।



