अमेठी

कोहरे ने रोकी यातायात की रफ्तार, गलन से बढ़ी ठंड, कांपे लोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

अमेठी। घने कोहरे और धुंध ने जिले को अपनी चपेट में ले लिया है। भोर से ही सड़कों पर पारदर्शिता काफी कम हो गई। जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालात यह रहे कि कुछ ही दूरी पर सामने चल रहे वाहन भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे। मजबूरी में चालकों को रेड लाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। देर शाम से मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे। रात बढ़ने के साथ ही कोहरे और धुंध की चादर फैलती चली गई। जो सुबह तक बनी रही। कोहरे के चलते हाईवे और मुख्य सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। छोटे वाहनों के साथ ही भारी वाहन भी रेंगते नजर आए। कई स्थानों पर वाहन चालक सड़क किनारे रुककर मौसम साफ होने का इंतजार करते दिखे। तापमान में गिरावट और सर्द हवाओं के कारण गलन भरी ठंड का असर भी बढ़ गया। सुबह-सवेरे घर से निकलने वाले लोग गर्म कपड़े पहनने के बावजूद ठिठुरते नजर आए। बाजारों और चौराहों पर लोग अलाव के पास खड़े होकर ठंड से राहत लेते दिखे। स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को भी खासा संघर्ष करना पड़ा। कोहरे और धुंध के कारण रेल और सड़क मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने से आम लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ा। राहगीरों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button