सिंगरौली
एनएससी के ऑपरेशन थिएटर में घुस कर चिकित्सक पर हमला
डॉक्टर से मारपीट के बाद बेटी को भी बनाया निशाना स्वास्थ्य तंत्र पर दाग, प्रभारी नेहरू चिकित्सालय की भूमिका संदिग्ध.

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । नेहरू शताब्दी चिकित्सालय जयंत में शुरू हुआ विवाद अब अस्पताल की चारदीवारी से निकलकर फरियादी के घर तक पहुंच गया है। मामला न सिर्फ एक डॉक्टर के साथ ऑपरेशन थिएटर में मारपीट और धमकी का है, बल्कि अब आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर फरियादी की बेटी पर भी हमला करने का प्रयास किया। इस सनसनीखेज मामले में सीसीटीव्ही कैमरों में घटना के कुछ अहम वीडियो फुटेज उपलब्ध होने की बात सामने आई है।
जयंत पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के फरियादी रवि शाह पिता स्व. ओमप्रकाश शाह उम्र 44 वर्ष निवासी जोधपुर राजस्थान वर्तमान में नेहरू शताब्दी चिकित्सालय जयंत में पदस्थ हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 25 दिसंबर को सुबह करीब 11:30 बजे वह ऑपरेशन थिएटर में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान दबंगबाज नितिन चौरसिया और उनकी पत्नी डॉ. मोलिना चौरसिया जबरन ऑपरेशन थिएटर में घुस आए और कथित तौर पर तीन दिन का पेमेंट कटने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। शोर सुनकर ओटी स्टाफ दिनेश शर्मा, भुवनेश, डॉ. महेश और ओटी असिस्टेंट कृष्णा कुमार ने बीच-बचाव किया, तब जाकर मामला शांत हुआ। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट से फरियादी के सिर, बाएं कंधे और पीठ में चोट आई हैं। इतना ही नहीं, फरियादी का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी उनके घर में घुस आए और उनकी बेटी के साथ भी मारपीट करने का प्रयास किया। इस दौरान की गतिविधियां घर और आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हुई हैं, जिनके कुछ एनएस वीडियो पुलिस के पास उपलब्ध बताए जा रहे हैं। यह तथ्य मामले को और गंभीर बना देता है। पूरा प्रकरण अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। खासतौर पर प्रभारी नेहरू चिकित्सालय डॉ. पंकज कुमार की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हैं। आरोप है कि उनकी चुप्पी और कथित संरक्षण के कारण आरोपी इतने बेखौफ नजर आए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। यह मामला अब सिर्फ एक डॉक्टर से मारपीट का नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही की अग्निपरीक्षा बन चुका है।
शिकायत के प्रति गंभीर नही दिखे एनएससी प्रभारी
सूत्रों के मुताबिक एनएससी जयंत के चिकित्सक डॉ. रवि शाह ने उक्त आरोपियों के हरकत को देख 24 दिसम्बर को प्रभारी नेहरू शताब्दी चिकित्सालय जयंत के लिखित शिकायत दिया था। परंतु आरोप लग रहा है कि प्रभारी एनएससी डॉ. पंकज कुमार ने उक्त पीड़ित चिकित्सक के शिकायत को गंभीरता से नही लिया और या फिर इसके पीछे कोई बड़ी कहानी है। जो पर्दे के पीछे खेला जा रहा है। पर्दे के पीछे खेली जा रही इस कहानी के असली किरेदार ही तभी बता पाएंगे, जब पुलिस इनसें भी कड़ाई के साथ पूछतांछ करेगी। या फिर प्रभारी ही सच्चाई बता पाएंगे।
सर्जरी के दौरान दबंग ने ऑपरेशन थिएटर में किया था प्रवेश
फरियादी ने एनएससी प्रभारी जयंत को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि डॉ. मोलिना चौरासिया एवं उनके पति ने ऑपरेशन थिएटर में चल रही उच्च जोखिम वाली सर्जरी के दौरान जबरन प्रवेश कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा शारीरिक हमला करने का प्रयास किया। ऑपरेशन थिएटर के भीतर मौजूद लगभग 10 कर्मचारियों के हस्तक्षेप से शिकायतकर्ता की जान बच सकी और आरोपी को बाहर निकाला गया। घटना के बाद डॉ. मोलिना चौरासिया एवं उनके पति शिकायतकर्ता के निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने शिकायतकर्ता की पत्नी और पुत्री को भयभीत किया। आरोपीगण ने घर का दरवाजा पीटते हुए अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी तथा नौकरी से इस्तीफा देने के लिए दबाव बनाया। इस घटना से शिकायतकर्ता का परिवार गंभीर मानसिक आघात, भय और असुरक्षा की स्थिति में है। जहां सुरक्षा की मांग की है।



