
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी जनपद के कस्बा रसौली में ग्राम प्रधान जियाउल हक अंसारी ने कड़ाके की ठंड से पंचायत के निवासियों और राहगीरों को राहत दिलाने के लिए पूरी पंचायत में अलाव की व्यवस्था की है।
ग्राम प्रधान के इस कार्य की चारों ओर प्रशंसा हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि अंसारी ने पंचायत में ऐसे कई विकास कार्य करवाए हैं, जिनकी पहले उपेक्षा की गई थी।
लोगों के अनुसार, जहां पिछले पच्चीस सालों से नालियां और खड़ंजे नहीं बन पाए थे, वहां भी प्रधान ने कार्य करवाए हैं। प्राथमिक विद्यालय के सामने पहले गंदगी रहती थी, जिससे आवागमन मुश्किल था। अब वहां बाउंड्री वॉल बन गई है।
बाउंड्री वॉल बनने के बाद अब वह रास्ता स्वच्छ महसूस होता है। इसके साथ ही, यह स्थान बच्चों के खेलने और कस्बे में शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए भी उपलब्ध हो गया है।
जब ग्राम प्रधान जियाउल हक अंसारी से इस बारे में बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें अपने कार्यों के बारे में कुछ बताने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने बिना किसी भेदभाव के अपना कर्तव्य निभाया है और लोगों को कभी दुखी नहीं किया, जिसका परिणाम सबके सामने है।



