बरेली

लव जिहाद के नाम पर बवाल का दांव पड़ा उल्टा

बजरंग दल वालों पर केस, इंस्पेक्टर की भी होगी जांच 

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली।  नर्सिंग छात्रा की बर्थ डे पार्टी में लव जिहाद का आरोप लगा बवाल करने वालों का दांव उल्टा पड़ गया है। घटना का वीडियो वायरल होने और बजरंग दल के साथ ही स्थानीय पुलिस के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और बवाल करने वाले बजरंग दल-शिवसेना के कार्यकर्ताओं पर रेस्टोरेंट संचालक की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने छात्रा के दोस्तों पर ही केस दर्ज कर दिया था। इस पर नाराजगी जताते हुए इंस्पेक्टर प्रेमनगर की भूमिका के जांच के निर्देश दिए हैं।
प्रेमनगर क्षेत्र के हॉस्टल में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही बदायूं की छात्रा शनिवार को दोस्तों के साथ राजेंद्रनगर स्थित द डेन कैफे एंड रेस्ट्रो में अपना बर्थ डे मना रही थी। पार्टी में छह छात्राएं व चार छात्र थे, जिनमें दो दूसरे मुस्लिम दोस्त शान व वाकिफ थे। इस दौरान बजरंग दल से जुड़े सुभाषनगर निवासी ऋषभ व मिनी बाईपास निवासी शिवसेना के दीपक कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी करते हुए वहां पहुंच गए। आरोपियों ने रेस्टोरेंट में हंगामा व तोड़फोड़ की और लव जिहाद का आरोप लगा शान व वाकिफ की पिटाई की। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची प्रेमनगर पुलिस छात्र-छात्राओं को लेकर थाने आ गई। पुलिस ने बवाल करने वाले बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के बजाय मारपीट में घायल मुस्लिम छात्र शान व वाकिफ और रेस्टोरेंट कर्मचारी शैलेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर शांतिभंग में चालान कर दिया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हुआ और बजरंग दल के साथ ही पुलिस के खिलाफ भी आक्रोश दिखाई दिया।
पुलिस की इस करतूत का मामाला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा तो नाराजगी जताई गई। इससे प्रेमनगर पुलिस बैकफुट पर आ गई। इसके बाद रविवार को रेस्टोरेंट संचालक शैलेंद्र की तरफ से बजरंग दल से जुड़े ऋषभ ठाकुर, दीपक पाठक और उनके 20-25 अज्ञात साथियों के खिलाफ रेस्टोरेंट में मारपीट व तोड़फोड़, ग्राहकों से अभद्रता के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके साथ ही बर्थ डे पार्टी में युवकों पर ही कार्रवाई करने के मामले में इंस्पेक्टर प्रेमनगर राजबली की भूमिका के जांच के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले शनिवार को उनके खिलाफ लूट के मामले को छिनैती में दर्ज करने को लेकर भी जांच खुली है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button