असम

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने किया असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के पाकिस्तान से कथित संबंधों के खिलाफ जल्द सबूत पेश करने का ऐलान। 

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुरुवार को कहा कि वह जल्द ही असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के पाकिस्तान से कथित संबंधों के खिलाफ सबूत पेश करेंगे। ‘पैजान’ वाले बीजेपी मीम्स के बारे में एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया पर क्या है, इसका पता नहीं, लेकिन गोगोई और उनके परिवार का पाकिस्तान से निश्चित रूप से संबंध है। बीजेपी ने कई एआई-जनरेटेड वीडियो प्रसारित किए हैं, जिनमें गोगोई जैसा दिखने वाले व्यक्ति को ‘पैजान’ (पाकिस्तान और भाईजान का संयोजन) कहा गया है। इनमें उन पर तथा उनकी पत्नी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से करीबी संबंध होने का आरोप लगाया गया है। सरमा ने कहा, “वह और उनका परिवार पाकिस्तान से गहराई से जुड़े हुए हैं। मैं जल्द ही राज्य की जनता के सामने सबूत पेश करूंगा।” इससे पहले सरमा ने लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई तथा उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोल्बर्न पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ाव का आरोप लगाया था। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था, जिसने पिछले साल 10 सितंबर को अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप दी। सरमा ने दावा किया कि जांच एजेंसी ने “राष्ट्र की संप्रभुता को कमजोर करने की साजिश की ओर इशारा करने वाले चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए हैं” तथा मामला जल्द ही केंद्रीय एजेंसी को सौंपा जाएगा। गौरव गोगोई को आरोप सामने आने के बाद ही असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया था । गोगोई ने सीएम के आरोपों को “सी-ग्रेड बॉलीवुड फिल्म” करार देते हुए कहा कि यह जनता के बीच फ्लॉप हो जाएगी, क्योंकि असम की जनता सब समझती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button