पाकुड़

पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर एटीवीएम स्थापना को लेकर संयुक्त स्थल निरीक्षण, यात्री सुविधाओं के विस्तार पर बनी सहमति

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, पूर्व रेलवे कोलकाता डॉ. उदय शंकर झा को ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन, हावड़ा मंडल के अध्यक्ष हिसाबी राय द्वारा सौंपे गए मांग पत्र के आलोक में मालगोदाम पथ स्थित फुट ओवर ब्रिज के नीचे स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) की स्थापना को लेकर पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर संयुक्त स्थल निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण स्टेशन प्रबंधक, पूर्व रेलवे पाकुड़ लखीराम हेम्ब्रम एवं यातायात निरीक्षक (वाणिज्य) रामपुरहाट सौरभ कुमार दास के नेतृत्व में संपन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) पाकुड़ परितोष रंजन, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ विद्युत अनुभाग अभियंता राजू कुमार, निरीक्षक सह- थाना प्रभारी रेलवे सुरक्षा बल संजय कुमार सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक पाकुड़ अखिलेश कुमार चौबे सहित ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हिसाबी राय एवं सचिव राणा शुक्ला उपस्थित थे। निरीक्षण के क्रम में हावड़ा एवं मालदा छोर पर अवस्थित दोनों फुट ओवर ब्रिज के समीप एटीवीएम स्थापना हेतु स्थल का चयन किया गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों ने दोनों स्थानों पर एटीवीएम लगाने पर सहमति व्यक्त की और इसे शीघ्र क्रियान्वित करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने की योजना बनाई गई। उल्लेखनीय है कि मालगोदाम पथ की ओर से प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों का आवागमन होता है, ऐसे में यहां एटीवीएम की स्थापना यात्रियों के लिए अत्यंत सुविधाजनक सिद्ध होगी। इसके पश्चात पाकुड़ रेलवे स्टेशन एवं परिसर का मासिक निरीक्षण स्टेशन सुधार समूह द्वारा किया गया। यह निरीक्षण सहायक अभियंता रामपुरहाट विश्वजीत मंडल, सहायक वाणिज्य प्रबंधक हावड़ा गौरचंद किस्कू, सहायक संकेत एवं दूरभाष अभियंता रामपुरहाट मुकेश कुमार चौधरी तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त रामपुरहाट राजकुमार साहू के नेतृत्व में सभी स्थानीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान यह निर्णय लिया गया कि जो कार्य स्थानीय स्तर पर संभव हैं, उन्हें अगले निरीक्षण से पूर्व पूर्ण किया जाएगा। यात्री सुविधाओं के विस्तार के तहत प्लेटफार्म संख्या एक एवं दो पर शौचालय की व्यवस्था करने की योजना बनाई गई। साथ ही हावड़ा छोर पर स्थित फुट ओवर ब्रिज पर दो सीसीटीवी कैमरे तथा स्टेशन परिसर में अतिरिक्त कैमरे लगाने का सुझाव दिया गया। कैमरों की संख्या बढ़ाने को लेकर रेलवे सुरक्षा बल के साथ संयुक्त जांच प्रतिवेदन तैयार करने पर भी सहमति बनी। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु एक अतिरिक्त हाई मास्ट लाइट एवं विद्युत खंभा लगाने का निर्णय लिया गया। दोनों प्लेटफार्मों पर अतिरिक्त स्टील चेयर लगाने, प्लेटफार्म संख्या एक और दो पर रख-रखाव के अभाव में खराब पड़े वाटर प्यूरीफायर को शीघ्र मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक अखिलेश कुमार चौबे, वाणिज्य पर्यवेक्षक सिकंदर मंडल तथा वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (संकेत) रणधीर कुमार भी उपस्थित थे। रेलवे प्रशासन द्वारा लिए गए इन निर्णयों से आने वाले समय में पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button