मेरठ

नारी मुक्ति आंदोलन की अग्रदूत सावित्रीबाई फूले की जयंती मनाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। देश की पहली महिला शिक्षिका, महान समाज सुधारक और नारी मुक्ति आंदोलन की अग्रदूत माता सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर शनिवार को आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेशभर में श्रद्धांजलि सभाओं एवं विचार संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के गुर्जर चौक, गांव लिसाड़ी नूर नगर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माता सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक संघर्ष, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान तथा समानता के विचारों पर चर्चा की। सभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में महिलाओं की शिक्षा की अलख जगाई, जब समाज महिलाओं को पढ़ने का अधिकार देने के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक बदलाव का सबसे मजबूत हथियार है और आज भी फुले जी के विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं। अंकुश चौधरी ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा के साथ-साथ जाति और लिंग आधारित भेदभाव के खिलाफ भी संघर्ष किया। उन्होंने सरकारों से आह्वान किया कि केवल जयंती मनाने के बजाय शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय से जुड़ी उनकी सोच को नीतियों में लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दलित, पिछड़े, आदिवासी और वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है और सावित्रीबाई फुले के सपनों के समाज के निर्माण के लिए सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष अंकित गिरी, जिला संरक्षक एसके शर्मा, शिक्षक प्रकोष्ठ अध्यक्ष हेम कुमार सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button