शामली

230 गांव व 176 वार्डों में सड़क सुरक्षा का महाअभियान

बीट सिपाही संभालेंगे कमान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। जनपद में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने व्यापक रणनीति तैयार की है। इसके तहत जिले के 230 गांवों तथा नगर पालिका व नगर पंचायत के 176 वार्डों में चरणबद्ध रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान में ट्रैफिक वालंटियरों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।
रविवार को कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण—तेज रफ्तार, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग न करना, नशे की हालत में वाहन चलाना तथा यातायात नियमों की अनदेखी पर विशेष रूप से फोकस किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीट सिपाही प्रत्येक सप्ताह अपने-अपने क्षेत्रों में ट्रैफिक वालंटियरों की बैठकें लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे और स्थानीय समस्याओं की समीक्षा करेंगे।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव लाने की पहल है। वालंटियर गांव व वार्ड स्तर पर स्कूलों, बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देंगे। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर पुलिस को अवगत कराएंगे, ताकि समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि यातायात प्रबंधन भी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यातायात ने जहां जीवन को सुगम बनाया है, वहीं लापरवाही के कारण यह असमय मौत का कारण भी बन रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से हो रही मौतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।सड़क हादसों में सर्वाधिक मौतें युवाओं की हो रही हैं, जबकि वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करना और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार, सीओ ट्रैफिक श्याम सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री सहित समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों को आपसी समन्वय और निरंतर निगरानी के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क हादसों में ठोस कमी लाई जा सके।अंत में पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और सुरक्षित सफर को अपनी प्राथमिकता बनाएं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button