गाजियाबाद

लोनी में गंगा–जमुनी तहज़ीब की अद्भुत मिसाल

हिंदू–मुस्लिम एकजुट होकर कर रहे हैं गौ सेवा और मानवता की रक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए लोनी क्षेत्र में सक्रिय एक सामाजिक संगठन ने साबित कर दिया है कि सेवा का कोई धर्म नहीं होता, बल्कि इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है। अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ नामक यह संगठन हिंदू–मुस्लिम सहित सभी जाति–समुदाय के लोगों को साथ लेकर गौ सेवा व जनकल्याण के कार्यों में जुटा हुआ है।
यह संगठन बीमार और घायल गौ माताओं को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, उन्हें अस्पताल तक पहुँचाने तथा उपचार के बाद उनकी देखभाल करने का सराहनीय कार्य कर रहा है। सर्दियों को देखते हुए संगठन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत गौ माताओं को कंबल ओढ़ाकर ठंड से बचाव   किया जा रहा है।
इतना ही नहीं, सड़क हादसों से बचाने के लिए उनके गले में रिफ्लेक्टर बेल्ट पहनाए जा रहे हैं, ताकि रात के समय वाहन चालकों को दूर से ही उनकी उपस्थिति का संकेत मिल सके और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
सेवा में एकजुट समाज — “धर्म से ऊपर मानवता”
इस सेवा अभियान में संगठन के मंत्री मंडल प्रभारी रजनीश गुप्ता, अध्यक्ष परवेश चौधरी, उपाध्यक्ष मोहम्मद इसराइल, जिला महासचिव मेजर हाजी बाबू तथा समाजसेवी इमरान के नेतृत्व में टीम सतत रूप से सक्रिय है।
टोपी पहने गौ सेवक सड़कों, रेलवे ट्रैक के किनारों और आबादी वाले क्षेत्रों में घूम–घूमकर गौ माताओं की सुरक्षा और देखभाल का जिम्मा निभाते दिखाई देते हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह संगठन केवल गौ सेवा ही नहीं कर रहा, बल्कि समाज को यह प्रेरक संदेश भी दे रहा है कि एकता, करुणा और सहयोग ही सच्ची भारतीय संस्कृति की पहचान है।
 लोनी से शुरू हुई यह पहल आज आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और मानवता के लिए प्रेरणास्रोत बनती जा रही है, जहाँ सभी धर्मों के लोग कंधे से कंधा मिलाकर गौ सेवा और लोकसेवा के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button