शामली
खोडसमा पंचायत में नशे के सौदागरों को खुली चेतावनी
नशे के खिलाफ गांव-गांव सख्ती, नहीं माने तो छत्तीस बिरादरी की महापंचायत का ऐलान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के गांव खोडसमा में रविवार को नशे के खिलाफ बड़ी पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। बारातघर में हुई पंचायत में एक स्वर में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने की कसम खाई गई। पंचायत में साफ कहा गया कि अब गांवों में नशा बेचने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
पंचायत में छत्तीस बिरादरी के लोगों ने बढ़ते नशे पर गहरी चिंता जताई। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर बढ़ रही है। नशे की लत के चलते युवक चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में फंस रहे हैं, जिससे गांवों का माहौल खराब हो रहा है और सामाजिक व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि आज नशे के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ी को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। पंचायत में मौजूद लोगों ने नशे को समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा बताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि खोडसमा गांव में यदि कोई व्यक्ति नशे के कारोबार में लिप्त पाया गया तो उसे पहले पंचायत स्तर पर समझाया जाएगा। इसके बाद भी यदि वह नहीं माना तो पंचायत स्वयं कार्रवाई करते हुए उसे पकड़कर पुलिस के हवाले करेगी। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि नशे के मामलों में अब किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पंचायत में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठा कि आसपास के कई गांवों में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि ऐसे सभी स्थानों पर सख्त कार्रवाई कर नशे के अड्डों को बंद कराया जाए। चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो छत्तीस बिरादरी की एक बड़ी महापंचायत बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इस दौरान विनोद निर्वाल, अरविंद कुमार, मोहित काला माजरा, सचिन कुमार, सागर, बिजेंद्र, गुरूपेज सरदार, बिलेंद्र, आदेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


