शामली
युवक की हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कैराना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बराला के जंगल में युवक की हत्या कर शव फेंकने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस हत्याकांड में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गत 3 दिसंबर को कैराना क्षेत्र के ग्राम बराला के जंगल में परवेज़ नामक युवक का गोली लगा शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही कैराना पुलिस और उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इस संबंध में मृतक के भाई अरमान पुत्र हाशिम निवासी ग्राम राणा माजरा, थाना सनौली, जनपद पानीपत (हरियाणा) की तहरीर पर उसके बड़े भाई परवेज की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि आसिफ पुत्र हारून, शोयब पुत्र सादा तथा एक अज्ञात व्यक्ति ने मिलकर हत्या की है।प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एन.पी. सिंह, पुलिस अधीक्षक शामली ने प्रभारी निरीक्षक कैराना को अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में चलाए जा रहे वांछित एवं हत्या में लिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना के निकट पर्यवेक्षण में कैराना पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभियुक्त आसिफ को पूर्व में गत 9 दिसंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि फरार चल रहे अभियुक्त की तलाश लगातार की जा रही थी। अब पुलिस ने दूसरे वांछित अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने की दिशा में अहम सफलता प्राप्त की है।गिरफ्तार अभियुक्त का नाम व पता सोयब उर्फ सौयाब पुत्र सादा, निवासी ग्राम गढ़ी बेसक, थाना सनौली बताया है।पुलिस का कहना है कि अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


