शामली

मजदूरी की पेशगी दी रकम वापस मांगने पर मारपीट,मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। गन्ने की मजदूरी के बकाया रुपये मांगने पर एक युवक के साथ लाठी-डंडों व बेल्टों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के ग्राम खुरगान निवासी आजम पुत्र हनीफ ने कोतवाली कैराना में दी तहरीर में बताया कि करीब एक माह पूर्व जावेद पुत्र तैयब उसे गन्ने की मजदूरी पर अपने साथ लेकर गया था। जावेद ने केवल दस दिन ही काम कराया, जबकि मजदूरी के रूप में उसे 19 हजार 500 रुपये दे दिए गए। इसके बाद जावेद बिना बताए काम छोड़कर बिहारीगढ़, जनपद सहारनपुर चला गया। कुछ समय बाद लौटने पर आजम ने उससे शेष बकाया 13 हजार 500 रुपये मांगे, लेकिन आरोपी ने रुपये देने से इंकार कर दिया। आरोप है कि विगत तीन जनवरी की शाम करीब सवा छह बजे जब आजम गांव में सामान लेने जा रहा था और जैसे ही वह राजकीय इंटर कॉलेज के सामने पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर जावेद, सावेज व अरशद पुत्रगण तैयब वहां पहुंचे। इसी दौरान अमजद पुत्र अय्यूब भी मौके पर आ गया। चारों ने मिलकर आजम को घेर लिया और लाठी-डंडों व बेल्टों से जमकर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button