अमरोहा
अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, अवैध प्लाटिंग को किया ध्वस्त।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा/ हसनपुर तहसील प्रशासन ने अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध अपना सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर के संभल मार्ग स्थित अब्दुल्ला कॉलोनी के निकट विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का ‘बुलडोजर’ जमकर गर्जा। इस दौरान कई एकड़ में की गई अवैध प्लाटिंग और निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।प्रशासन को सूचना मिली कि संभल मार्ग और कनेटा अड्डे के आसपास जाहिद, राजपाल सैनी, डॉ. अफसर और डॉ. जीशान द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और बिना भू-उपयोग परिवर्तन के अवैध रूप से प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से खड़ी की गई दीवारों व सड़कों को बुलडोजर की मदद से ढहा दिया।ध्वस्तीकरण की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान कानूनगो लोकेंद्र सिंह के नेतृत्व में लेखपालों की टीम मौजूद रही। जिसमें लेखपाल दीपक दिलवानिया, दीपक चौधरी, दिनेश, सत्येंद्र सिंह, गुलदीप सिंह और पंकज चौधरी मुख्य रूप से शामिल रहे। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के प्रॉपर्टी डीलरों और अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के अवैध कॉलोनी काटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले उसके वैध कागजात और मानचित्र की जांच अवश्य कर लें।



